महाराष्ट्र के सांगली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) ने गुरुवार को कहा, जब मोदी जी ने अनुच्छेद 370 (Article 370) हटाया, कांग्रेस (Congress) व एनसीपी (NCP) ने इसका विरोध किया। जब पूरा देश कश्मीर को भारत में शामिल करना चाहता था तब उन्होंने इसका विरोध किया। राहुल गांधी ने कहा कि कश्मीर में खून की नदियां बह जाएंगी लेकिन एक भी गोली नहीं चली।
गृह मंत्री ने कहा, दोबारा सत्ता में आने के बाद पहले संसदीय सत्र में प्रधानमंत्री मोदी ने तीन तलाक समेत घाटी से अनुच्छेद 370 और 35 ए खत्म किया। इसके साथ ही सर्जिकल स्ट्राइक के बाद पूरी दुनिया ने भारत को नई रोशनी में देखा। इससे दुनिया को पता चल गया कि यदि वे एक भारतीय को मारते हैं तो उन्हें इसका परिणाम महंगा साबित होगा।
उन्होंने कहा, नरेंद्र मोदी जी दुनिया के जिस भी देश में जाते हैं वहां एयरपोर्ट पर मोदी-मोदी के नारे सुनाई देने लगते हैं। ये सिर्फ मोदी जी या भाजपा का सम्मान नहीं है। ये देश के सवा सौ करोड़ लोगों का सम्मान है। मोदी जी के कारण दुनिया में देश का सम्मान बढ़ा है।
गृहमंत्री ने महाराष्ट्र की जनता को संबोधित करते हुए कहा, केंद्र और महाराष्ट्र में कांग्रेस और NCP की सरकार थी, तो उन्होंने महाराष्ट्र को 5 वर्ष में केवल 1 लाख 15 हजार 500 करोड़ रुपये दिए। आपने मोदी जी और देवेंद्र फडणवीस जी की सरकार बनाई तो मोदी जी ने 2 लाख 86 हजार 356 करोड़ रुपया महाराष्ट्र के विकास के लिए दिया है।
उन्होंने आगे कहा, सांगली जिले में भाजपा सरकार ने करीब 11 लाख किसानों का करीब 3,700 करोड़ रुपये का कर्ज माफ किया है, 1.17 लाख गरीबों के घरों में शौचालय बनाए हैं, 46,000 महिलाओं को गैस का कनेक्शन दिया, 38,000 घरों में पहली बार बिजली पहुंचाने का काम किया।